Rajasthan Bharti Calendar 2026: राजस्थान के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने भर्ती कैलेंडर 2026 के आधार पर विभिन्न विभागों में हजारों खाली पदों को भरने की तैयारी कर दी है। कांस्टेबल, ग्रुप-D, सफाई कर्मचारी, ग्राम विकास अधिकारी, शिक्षक और मेडिकल स्टाफ समेत कई पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Rajasthan Bharti Calendar 2026 को लेकर सरकार ने बढ़ाई तैयारी
राजस्थान सरकार साल 2026 में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को भर्ती प्रक्रियाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरना और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

बैठक में भर्ती से जुड़े प्रशासनिक और वित्तीय मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही विभागों और भर्ती एजेंसियों के बीच बेहतर कोआर्डिनेशन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
ग्रुप-D भर्ती में 53 हजार से अधिक पदों पर चल रही प्रक्रिया
राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यानी ग्रुप-D भर्ती के तहत 53,749 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वर्तमान में दस्तावेज सत्यापन, खेल प्रमाण पत्रों की जांच और मेडिकल टेस्ट जैसी प्रक्रियाएं चल रही हैं। अधिकारियों के अनुसार इन सभी कार्यों को जल्द पूरा कर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
कांस्टेबल भर्ती में बढ़ी पदों की संख्या
राजस्थान पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। भर्ती कैलेंडर में पहले कांस्टेबल के 4,000 पद प्रस्तावित थे लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर 6,000 कर दी गई है। वहीं उप निरीक्षक (SI) भर्ती में भी 61 अतिरिक्त पद जोड़े गए हैं। अब कुल 1,076 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सफाई कर्मचारी और ग्राम विकास अधिकारी भर्ती भी जल्द
स्वायत्त शासन विभाग द्वारा 24,793 सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती की तैयारी अंतिम चरण में है। विभागीय स्तर पर प्रक्रिया को मंजूरी मिलने के बाद भर्ती अभियान शुरू किया जाएगा। वहीं ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती को लेकर भी सरकार आवश्यक तैयारियां कर रही है।
शिक्षा विभाग में शिक्षकों के लिए बड़ा अवसर
राजस्थान शिक्षा विभाग में भी बड़े पैमाने पर भर्ती की जा रही है। विभिन्न केटेगरी में करीब 10 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। विशेष रूप से अध्यापक ग्रेड-III भर्ती में पहले घोषित 5,000 पदों के साथ 2,000 अतिरिक्त रिक्त पद भी शामिल कर दिए गए हैं। इससे शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा फायदा मिलेगा।
मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र में भी आएंगी भर्तियां
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को 3,000 सपोर्ट इंजीनियर और अन्य पदों के लिए फाइनेंसियल अप्रूवल मिल चुका है। इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में 600 मेडिकल ऑफिसर पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं लगभग 2,000 नर्सिंग और पैरामेडिकल पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका
राजस्थान सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी भर्ती प्रक्रियाओं में ट्रांसपेरेंसी और पंचुअलिटी को प्राथमिकता दी जाएगी। विभागों को पेंडिंग मामलों का जल्द निपटान करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि युवाओं को जल्द से जल्द नौकरी के अवसर मिल सकें। भर्ती कैलेंडर 2026 के तहत आने वाले महीनों में हजारों पदों पर नियुक्तियां होने की उम्मीद है जिससे प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।